जैकपॉटः एक ही रात में करोड़पति हो गए शिमला के रमेश, Dream-11 में जीता 1.17 करोड़ रुपए

जैकपॉटः एक ही रात में करोड़पति हो गए शिमला के रमेश, Dream-11 में जीता 1.17 करोड़ रुपए

रोनहाट (शिमला). हिमाचल प्रदेश के शिमला ज़िला के चौपाल इलाक़े का एक युवक रातों रात करोड़पति बन गया. क्रिकेट से जुड़ी ऐप ड्रीम इलेवन पर युवक ने 1 करोड़ 17 लाख 50 हज़ार रुपए जीते हैं. जैसे ही युवक को जैकप़ॉट लगा, लोग ड्रीम इलेवन पर रावत चांदना नाम की टीम बनाने वाले युवक को खोजने लगे. जानकारी के बाद मालूम हुआ कि युवक का नाम रमेश चंद है, जो चौपाल विधानसभा क्षेत्र के धार-चांदना पंचायत का रहने वाला है.

दरअसल, मंगलवार शाम को आईपीएल में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच था. कुपवी तहसील के ग्राम पंचायत धार के डाक गांव के रमेश चंद ने ड्रीम इलेवन पर अपनी टीम बनाई. देर रात मैच ख़त्म होने के बाद रमेश को जब उसके दोस्तों के फ़ोन आए तो उसे पता चला कि उसकी टीम ने ड्रीम इलेवन में पहला रैंक प्राप्त करके एक करोड़ से ज़्यादा रुपए जीत लिए हैं.

आपके शहर से (शिमला)

सिरमौर की दवा फैक्टरी में करता है काम

सिरमौर के पांवटा साहिब की एक फ़ार्मा फैक्ट्री में काम करने वाले रमेश चंद क़रीब 4 साल से ड्रीम इलेवन पर अपनी टीम बना रहे हैं. वो ड्रीम इलेवन पर अब तक क़रीब 500 रुपए हार चुके हैं, जबकि अधिकांश मैच में उनकी एंट्री वापिस मिल जाती थी. मगर मंगलवार को ड्रीम इलेवन पर बनाई गई रमेश की टीम ने 839.5 अंक अर्जित करके पहला रैंक हासिल किया और एक करोड़ रुपए से ज़्यादा की रक़म अपने नाम कर ली.

पिता का कैंसर से हो गया था निधन

रमेश के मामा बिट्टू राणा रोनहाट में दुकान करते है. उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पहले ही कैन्सर की बीमारी के चलते रमेश अपने पिता को खो चुके हैं, जिसके बाद से पूरे परिवार की ज़िम्मेवारी रमेश के कंधों पर आ गई है. उनके परिवार में मां और 3 बहनों के साथ उनका एक छोटा भाई भी है. परिवार की आर्थिक स्थिति भी ज़्यादा बेहतर नहीं है. खेती बाड़ी और मेहनत-मज़दूरी से ही परिवार के भरण पोषण और घर खर्च का काम चलता है. ड्रीम इलेवन से रमेश रातों-रात करोड़पति बन गए है अब वो अपने भाई और बहनों को अच्छी शिक्षा देने सहित परिवार की अन्य ज़रूरतों को बेहतर तरीक़े से पूरा कर पाएंगे.

जैकपॉट पर खूब मिली बधाई

रमेश चंद ने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वो ड्रीम इलेवन पर इतनी बड़ी रक़म अपने नाम करेंगे. उनके मुताबिक़ 30 प्रतिशत टैक्स काटने के बाद 83 लाख रुपए उनके बैंक खाते में ट्रांसफ़र हो गए हैं. ड्रीम इलेवन से जीते इन पैसों का वो क्या करेंगे, इस सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि फ़िलहाल इस बारे में कुछ सोचा नहीं हैं.

Latest News

Advertisement

Advertisement

Recent Comments