पंजाब: हत्‍या के बाद शव को तंदूर में जलाने कोशिश करने वाला ‘दोस्‍त’ पकड़ाया, ऐसे खुला राज

पंजाब: हत्‍या के बाद शव को तंदूर में जलाने कोशिश करने वाला ‘दोस्‍त’ पकड़ाया, ऐसे खुला राज

पटियाला. अपने ही खास दोस्‍त की हत्‍या करने के बाद उसके शव को तंदूर में जलाने की कोशिश की और जब उसमें सफल नहीं हुआ तो शव के टुकड़े कर जमीन में गड़ा दिया. यह दिल दहलाने की घटना पंजाब (Punjab) के पटियाला के सदर थाना क्षेत्र में हुई है. पंजाब पुलिस (Punjab Police)  के डीएसपी राजेश कुमार छिब्‍बर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसने पूछताछ में पूरा घटनाक्रम बताया है.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि करतार कालोनी की गली नंबर सात में रहने वाला दलजीत सिंह (19) इस अपराध का आरोपी है और उसने अपने दोस्‍त कंडा राम (18) की हत्‍या कर दी थी. दरअसल दोनों की नशा करते थे और दोनों ही नशामुक्ति केंद्र से इलाज कर लौटे थे. दो दिन पहले जब दोनों दलजीत के घर में बैठे थे तो उनमें झगड़ा हो गया था और गुस्‍से में दलजीत ने उसकी हत्‍या कर दी थी. इसके बाद उसने छत पर रखे पुराने तंदूर में शव को जलाने की कोशिश की थी. जब वह शव को पूरी तरह नहीं जला पाया तो उसने शव के टुकड़े किए और उन्‍हें घर के पास जमीन में गड़ा दिया था.

पुलिस ने बताया कि कंडा राम के घर न लौटने पर उसके घर वालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और बताया था कि आखिरी बार उसे दलजीत के साथ देखा था. पुलिस ने जब दलजीत से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सारा घटनाक्रम बता दिया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि दलजीत के घर में तंदूर, शव के टुकड़े करने में इस्‍तेमाल की गई कस्‍सी को बरामद कर लिया गया है. वहीं आरोपी से ही जमीन खुदवाकर शव के टुकड़े बरामद किए गए और उसे पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया गया.  बताया जाता है कि आरोपी दलजीत घर पर अकेला था, उसकी मां दूसरे शहर में सरकारी नौकरी करती है.

Latest News

Advertisement

Advertisement

Recent Comments